मानवाधिकार मीडिया
सफलता के 13 सुनहरे साल — सच, विश्वास और न्याय की आवाज़

अखिलेश यादव से मिले सुशील टिबड़ेवाल, महराजगंज की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत का लक्ष्य

13 Sep 2026, 06:34 PM • मानवाधिकार मीडिया

– 2027 चुनाव की तैयारियों पर हुई चर्चा, स्थानीय घटनाओं और पीड़ित परिवारों के मुद्दे भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखे

शौरभ जायसवाल

सिसवा/निचलौल, महराजगंज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से शनिवार को नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर महराजगंज के वरिष्ठ सपा नेता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल ने मुलाकात की। इस दौरान मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने महराजगंज जिले की पांचों विधानसभा सीटों सिसवा, महराजगंज सदर, पनियरा, फरेन्दा और नौतनवा पर पार्टी की जीत के लिए पूरी ताकत से चुनावी तैयारियों में जुटने का निर्देश दिया।

अखिलेश यादव ने बीते दिनों कृषक रमाशंकर चौरसिया के परिजनों का हाल-चाल भी पूछा। रमाशंकर चौरसिया की खाद लेते समय बोरियों के नीचे दबने से मौत हो गई थी। इसके अलावा सुकरहर गांव में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत की घटना की भी जानकारी ली। बताया गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सिसवा और निचलौल पहुंचे थे तथा दोनों पीड़ित परिवारों को एक-एक लाख रुपये की सहायता दी गई थी।

सुशील टिबड़ेवाल ने सिसवा के PDA समाज के बाल युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की पुलिस जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं हो रही है और दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर मामले की जांच सीबीआई से कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

पूर्व मंत्री ने निचलौल के पचमा गांव निवासी बाइक सवार चार युवकों की डंपर के नीचे दबकर हुई मौत और सिसवा बाजार में पोखरे में डूबने से तीन बच्चों की मौत की घटनाओं की जानकारी भी दी। इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर पीड़ित परिवारों की बड़ी सहायता की जाएगी।

बैठक में बताया गया कि 16 सितंबर को सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल महराजगंज जाएंगे। इसके बाद अखिलेश यादव भी जिले का दौरा करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रस्तावित दौरे को लेकर रूपरेखा तैयार करने का निर्देश दिया।

अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश के राजनीतिक भविष्य के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी को जनभावनाओं को मजबूत राजनीतिक विकल्प में बदलने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना होगा।

सुशील टिबड़ेवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि महराजगंज में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को एकजुट कर पांचों विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर स्थानीय मुद्दों को उठाएंगे और समाजवादी पार्टी की नीतियों तथा अखिलेश यादव के नेतृत्व को लोगों तक पहुंचाएंगे।

बैठक को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान महराजगंज की पांचों विधानसभा सीटों पर पार्टी की संगठनात्मक स्थिति मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने की रणनीति पर चर्चा हुई।