मानवाधिकार मीडिया
सफलता के 13 सुनहरे साल — सच, विश्वास और न्याय की आवाज़

अमरावती में गरबा से अगवा पांच साल का बच्चा बरामद

23 Oct 2026, 05:19 AM • मानवाधिकार मीडिया

अमरावती। महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की आमगांव पुलिस ने अपहरण के एक मामले में सफलता हासिल करते हुए पांच साल के बच्चे को सकुशल छुड़ा लिया है। बच्चे को अमरावती शहर में चल रहे गरबा महोत्सव से बहला-फुसलाकर अगवा किया गया था।

गरबा देखने में व्यस्त बच्चे को एक महिला आमगांव ले आई थी। अपहरण की जानकारी मिलते ही अमरावती पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य जांच के जरिये पता लगाया कि महिला बच्चे को लेकर गोंदिया जिले के आमगांव तहसील आई है। इसकी सूचना अमरावती क्राइम ब्रांच और आमगांव पुलिस को दी गई।

जानकारी मिलते ही आमगांव पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की और रिसामा निवासी रामचरण गुप्ता के यहां एक बच्चा होने की सूचना मिली। घर में प्रवेश करने पर पांच साल का बच्चा बिस्तर पर सोया मिला। बच्चे की फोटो अमरावती क्राइम ब्रांच को भेजकर पहचान की पुष्टि की गई।

पुष्टि के बाद अमरावती की जांच टीम आमगांव पहुंची और बच्चे को लेकर रवाना हो गई। बच्चे को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।