बहादुरी बाजार में तड़के पिकअप हादसा, दो युवक गाड़ी में फंसे गैस कटर से काटकर पुलिस ने दोनों घायलों को निकाला बाहर
महराजगंज। जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के बहादुरी बाजार चौराहे पर शनिवार तड़के करीब 5:15 बजे कोल्हुई से बृजमनगंज की ओर जा रही पिकअप अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दरवाजा जाम होने से उसमें सवार दो युवक अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर दोनों घायलों को बाहर निकाला।पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पिकअप संख्या UP56 AT 7005 कोल्हुई से बृजमनगंज की तरफ जा रही थी। बहादुरी बाजार के पास अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद वाहन का दरवाजा नहीं खुलने के कारण बबलू पुत्र बरसाती तथा करण पुत्र शिवचरण निवासी लक्ष्मीपुर एकमा थाना पुरन्दरपुर पिकअप में फंस गए।सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक राजकुमार हमराह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए गैस कटर की मदद से पिकअप को काटकर दोनों युवकों को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बृजमनगंज भेजा गया।
इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर वाहन में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।