ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर कोल्हुई में उमड़ा जनसैलाब, गूंजा अमन का पैगाम मोहब्बत, इंसानियत और भाईचारे के लिए उठे हाथ, श्रद्धा से निकली रैली: पूरे क्षेत्र में दिखा उत्साह
महराजगंज। पैगंबर हजरत मोहम्मद के जन्मदिवस ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर बुधवार को उपनगर कोल्हुई सहित पूरे थाना क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और आपसी भाईचारे का माहौल रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने रैली में शामिल होकर अमन, शांति, मोहब्बत और इंसानियत का संदेश दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक की भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया।रैली में शामिल लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद की शिक्षाओं को याद करते हुए समाज में अमन, भाईचारा और आपसी सौहार्द कायम रहने की दुआएं कीं। धर्मगुरुओं ने लोगों से एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने और समाज में एकता बनाए रखने की अपील की।रैली के दौरान बच्चे और युवा अनुशासित ढंग से शामिल रहे। जगह जगह लोगों ने रैली का स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में उत्साह के साथ आपसी सौहार्द और भाईचारे की भावना देखने को मिली जबकि स्थानीय थाना क्षेत्र के बहादुरी, एकसड़वा, पिपरा परसौनी, कस्तखैरा, खड़खोड़ी, लबदहा, बड़गो समेत अन्य स्थानों पर भी ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अमन-शांति और भाईचारे की दुआ की।त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। रैली मार्गों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रही। उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह, उपनिरीक्षक राजीव सिंह समेत पुलिस बल लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखता रहा।पुलिस अधिकारियों ने लोगों से त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। पुलिस की मुस्तैदी के बीच सभी आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए।समाचार लिखे जाने तक थाना क्षेत्र में कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर कोल्हुई ने अमन, एकता, इंसानियत और भाईचारे की मजबूत मिसाल पेश की।