मानवाधिकार मीडिया
सफलता के 13 सुनहरे साल — सच, विश्वास और न्याय की आवाज़

JAMSHEDPUR : दुर्गा पूजा पर जमशेदपुर पुलिस का एक्शन मोड, बाइक पेट्रोलिंग तेज; असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर

17 Oct 2026, 03:46 PM • मानवाधिकार मीडिया

SSP के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़, संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी

जमशेदपुर | पूर्वी सिंहभूम। आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर में बाइक पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है। पुलिस बल विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गश्त कर विधि-व्यवस्था पर नजर रख रहा है, ताकि पूजा के दौरान आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देशन में पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से प्रमुख सड़कों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है।

पुलिस की इस पहल का उद्देश्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखना, किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया जा रहा है।

जमशेदपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे दुर्गा पूजा का त्योहार शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। लोग यातायात नियमों का पालन करें, पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।