मानवाधिकार मीडिया
सफलता के 13 सुनहरे साल — सच, विश्वास और न्याय की आवाज़

JAMSHEDPUR : हिंद आश्रम में विधायक पूर्णिमा साहू ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश

22 Aug 2026, 02:55 PM • मानवाधिकार मीडिया

जमशेदपुर, झारखंड। जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा साहू ने बर्मामाइंस स्थित हिंद आश्रम का दौरा कर क्षेत्र के विभिन्न आश्रमों के सम्मानित मुखियागण एवं वहां निवास करने वाले परिवारजनों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने आश्रमवासियों की समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

बैठक में बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने आश्रमवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत की और समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।

इस दौरान कई समस्याओं का तत्काल टेलीफोनिक वार्ता के माध्यम से समाधान कराया गया। वहीं, जिन कार्यों के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जरूरत थी, उन्हें भी प्रारंभ कराने की दिशा में पहल की गई।

विधायक ने टाटा स्टील यूआईएसएल एवं जमशेदपुर अक्षेस के संबंधित पदाधिकारियों को भी आश्रम की समस्याओं से अवगत कराया और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जाएगा।

इस अवसर पर भाजपा बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा भी उपस्थित रहे।

विधायक पूर्णिमा साहू ने आश्रम के निवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं के समाधान और आश्रम की बेहतरी के लिए हरसंभव प्रयास हर स्तर पर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों तक प्रभावी ढंग से बात पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।