JAMSHEDPUR : SIR-2026 : जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
जमशेदपुर, झारखंड। SIR-2026 के तहत मतदाता सूची से संबंधित दावा-आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने विभिन्न निर्धारित दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समाहरणालय, स्वर्णरेखा भवन मानगो, जेएनएसी कार्यालय एवं जमशेदपुर अंचल कार्यालय में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि प्राप्त होने वाले सभी दावा-आपत्तियों का नियमानुसार और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित मामलों में दस्तावेजों का उचित सत्यापन करते हुए पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखना आवश्यक है।
जिला उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुनवाई स्थलों पर आने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से दस्तावेज सत्यापन, दावा-आपत्तियों की सुनवाई तथा उनके निष्पादन की प्रगति पर सतत निगरानी रखने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि SIR-2026 के तहत मतदाता सूची का शुद्धीकरण एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। ऐसे में सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि पात्र मतदाताओं को आवश्यक सुविधा मिल सके और प्राप्त दावा-आपत्तियों का नियमानुसार निष्पादन समय पर सुनिश्चित हो।