JAMSHEDPUR : SIR-2026 के तहत सुनवाई स्थलों का डीसी ने किया निरीक्षण, मतदाताओं की सुविधा पर जोर
जमशेदपुर, झारखंड। SIR-2026 के तहत प्राप्त दावा-आपत्तियों के निष्पादन को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय है। जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने विभिन्न निर्धारित सुनवाई स्थलों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को मतदाताओं की सुविधा और दावा-आपत्तियों के समयबद्ध निष्पादन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
डीसी ने समाहरणालय, एसडीओ धालभूम कार्यालय, मानगो अंचल कार्यालय, जेएनएसी, जमशेदपुर सदर प्रखंड परिसर एवं वाणिज्य कर कार्यालय में बनाए गए सुनवाई स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुनवाई प्रक्रिया तथा आवश्यक सहायता व्यवस्था की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दावा-आपत्ति दर्ज कराने एवं सुनवाई के लिए पहुंचने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सभी मामलों का नियमानुसार एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जिला प्रशासन की ओर से सभी पात्र मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपने निर्वाचक विवरण की जांच अवश्य करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति हो तो निर्धारित अवधि के भीतर अपना दावा/आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि निर्वाचक सूची को सही एवं अद्यतन बनाया जा सके।
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि SIR-2026 की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए अपने मतदाता विवरण की जांच करें और आवश्यक सुधार के लिए समय रहते दावा-आपत्ति प्रस्तुत करें।