मानवाधिकार मीडिया
सफलता के 13 सुनहरे साल — सच, विश्वास और न्याय की आवाज़

मेरठ में 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, चार लुटेरे दबोचे

23 Oct 2026, 05:19 AM • मानवाधिकार मीडिया

मेरठ। मेरठ पुलिस और स्वाट टीम ने गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल की। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर काशी टोल प्लाजा के पास 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश खालिद को गिरफ्तार कर लिया गया। वह काफी समय से फरार चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक खालिद पर शहर के लोहियानगर थाने में दो आपराधिक मामले और मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाने में बिजली अधिनियम का मामला दर्ज है। मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुखबिर की सूचना पर परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला और स्वाट टीम ने टोल प्लाजा पर चेकिंग बढ़ाकर उसे दबोच लिया।

खालिद दिल्ली के वेस्ट विनोद नगर, शकरपुर का रहने वाला है। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इसके अलावा थाना सदर बाजार और थाना ब्रह्मपुरी पुलिस ने स्वाट टीम के साथ अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ के बाद मोबाइल छिनैती करने वाले चार और बदमाशों को दबोचा है।