मानवाधिकार मीडिया
सफलता के 13 सुनहरे साल — सच, विश्वास और न्याय की आवाज़

पानीपत समागम में छह लाख श्रद्धालुओं के लिए रोज लंगर

24 Oct 2026, 04:48 AM • मानवाधिकार मीडिया

पानीपत में चल रहे संत निरंकारी समागम में देश-दुनिया से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं के लिए विशाल स्तर पर लंगर की व्यवस्था की गई है। समागम स्थल पर रोजाना करीब छह लाख श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार किया जा रहा है। लंगर की सुचारू व्यवस्था और स्वच्छता को लेकर प्रबंधन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।

भोड़वाल माजरी स्थित आध्यात्मिक स्थल पर 23 से 26 अक्टूबर तक चल रहे इस समागम में लंगर की व्यवस्था को चार प्रमुख ब्लॉकों ए, बी, सी और डी में विभाजित किया गया है। इनमें कुल करीब 20 हजार सेवादार सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें लगभग छह हजार महिलाएं भी शामिल हैं। प्रतिदिन करीब 340 क्विंटल राशन की खपत हो रही है। एक बार में छह हजार लोग एक साथ बैठकर भोजन कर सकते हैं।

समागम में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए रेलवे ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर लगाए गए हैं और सुरक्षा में जीआरपी व आरपीएफ के जवान लगे हैं। समागम में 12 से 15 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया गया है।