SARAIKELA : रोलाहातु के दुर्गम क्षेत्र में नागरिक कल्याण कार्यक्रम, सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण व अंतर-ग्रामीण हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ
सरायकेला-खरसावां, झारखंड। सरायकेला-खरसावां जिले के अति दुर्गम क्षेत्र रोलाहातु पंचायत अंतर्गत ए-समवाय जाम्ब्रो में 26वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), राँची एवं सरायकेला-खरसावाँ पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में नागरिक कल्याण, महिला कौशल विकास, युवा सशक्तिकरण एवं खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ, पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावाँ, उप महानिरीक्षक, विशेष अभियान, क्षेत्रीय मुख्यालय गयाजी, 26वीं वाहिनी SSB के अधिकारी एवं जवान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, प्रशिक्षणार्थी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
इस अवसर पर सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से स्थानीय महिलाओं को कौशल विकास से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल की गई। वहीं युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से शहीद परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का अंतर-ग्रामीण हॉकी प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ‘सुरक्षा वीर निर्माण’ कार्यक्रम के प्रशिक्षणार्थियों के बीच प्रमाण-पत्र का वितरण भी किया गया। इससे प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं का उत्साहवर्धन हुआ तथा उन्हें अपने कौशल का उपयोग आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से सुरक्षा बलों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। दुर्गम क्षेत्र में आयोजित इस पहल को स्थानीय समुदाय के साथ सुरक्षा बलों के निरंतर संवाद और सहभागिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा गया।