SERAIKELA : अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, नियमित जांच और सघन छापेमारी के निर्देश
सरायकेला-खरसावां, झारखंड। जिला उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां की उपस्थिति में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में अवैध खनन, बालू के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर अब तक की गई कार्रवाई और पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध नियमित जांच, सघन छापेमारी और सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विभागीय अधिकारियों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के साथ लगातार अभियान चलाया जाए।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया। वहीं अंचल अधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा जिला खनन विभाग के पदाधिकारियों को नियमित रूप से जांच अभियान संचालित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने विभिन्न माध्यमों से अवैध खनन अथवा खनिजों के अवैध परिवहन से संबंधित प्राप्त होने वाली सूचनाओं पर तत्काल स्थल जांच एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना मिलने के बाद कार्रवाई में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
खनिज परिवहन के दौरान नियमों के अनुपालन पर भी विशेष जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि खनिजों के परिवहन में तिरपाल का अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित कराया जाए, ताकि परिवहन के दौरान खनिज सामग्री सड़क पर न गिरे और नियमों का उल्लंघन न हो।
बैठक में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन और बालू के अवैध उत्खनन-परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।