ट्रंप ने फ्रांस हिंसा पर मैक्रों को चेताया
वॉशिंगटन/पेरिस। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस में जारी हिंसा को लेकर राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि अगर हालात जल्द नहीं संभले तो पेरिस का स्वरूप बदल जाएगा और फ्रांस अपनी पहचान खो देगा। उन्होंने मैक्रों सरकार की आव्रजन और कानून-व्यवस्था नीतियों पर भी सवाल उठाए। फ्रांस के कई शहरों में पिछले दिनों हिंसक प्रदर्शन और आगजनी की घटनाएं हुई हैं, जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ट्रंप के बयान पर यूरोपीय राजनीति में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। फ्रांसीसी अधिकारियों ने अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान को देश के आंतरिक मामलों में दखल बताते हुए खारिज कर दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बयान से अमेरिका और फ्रांस के बीच कूटनीतिक तनाव बढ़ सकता है। फिलहाल फ्रांस सरकार हिंसा प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बढ़ाकर हालात सामान्य करने का दावा कर रही है, जबकि विपक्ष सरकार पर नाकामी का आरोप लगा रहा है।