मानवाधिकार मीडिया
सफलता के 13 सुनहरे साल — सच, विश्वास और न्याय की आवाज़

GIRIDIH : गिरिडीह विधायक सह मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक निधन, झारखंड में शोक की लहर

06 Sep 2026, 05:36 AM • मानवाधिकार मीडिया

गिरिडीह, झारखंड। झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक एवं राज्य सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार तड़के आकस्मिक निधन हो गया। शनिवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गिरिडीह के मर्सी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निधन का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया जा रहा है।

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की खबर सामने आते ही गिरिडीह समेत पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन से झारखंड मुक्ति मोर्चा, राज्य सरकार और राजनीतिक जगत में गहरा शोक व्याप्त है।

सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह सदर विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए थे। वर्ष 2019 में पहली बार विधानसभा पहुंचे और 2024 में पुनः जीत दर्ज करने के बाद राज्य सरकार में मंत्री बने। उनके पास नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति तथा खेलकूद एवं युवा कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी थी।

उनके आकस्मिक निधन को झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। झामुमो ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके संघर्ष, सेवा और योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा।