रायबरेली में 18 वर्षीय विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, संदिग्ध मौत की जांच में जुटी पुलिस
– खीरों के अजीतपुर गांव की घटना, फॉरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य; पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के अजीतपुर गांव में शुक्रवार सुबह 18 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर छत के पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।
घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अजीतपुर निवासी आरती पत्नी राज करीब डेढ़ साल से अपने पति के नाना चंदू पुत्र स्वर्गीय छिट्टू के घर रह रही थी। परिजनों के अनुसार, आरती ने करीब दो वर्ष पहले राज से प्रेम विवाह किया था।
शादी के बाद पति-पत्नी कुछ समय तक चंदू के घर पर साथ रहे। इसके बाद राज मेहनत-मजदूरी के लिए अहमदाबाद चला गया। वर्तमान में घर में चंदू और आरती ही रह रहे थे।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे चंदू उठकर घर के अंदर जाने लगा तो आरती के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इस पर चंदू ने पड़ोसियों को बुलाया। ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर आरती का शव छत के पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह और उपनिरीक्षक संतोष कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
इसके बाद पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
मृतका की ससुराल गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के कोरिहर गांव में है, जहां उसकी सास लक्ष्मी रहती हैं। परिजनों के अनुसार, पति राज, देवर आलोक और पिता मेहनत-मजदूरी के लिए अहमदाबाद में रहते हैं। मृतका का मायका भी गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के किरतपुर गांव में है।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की घटना की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।