सरोजनीनगर में अंतरजनपदीय वाहन चोर गैंग का खुलासा, सरगना समेत 3 गिरफ्तार, 8 बाइक बरामद
– पुलिस के अनुसार चोरी की मोटरसाइकिलों पर बदलते थे नंबर प्लेट, 120 से अधिक CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंची आरोपियों तक
शकील अहमद
सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर पुलिस ने अंतरजनपदीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई आठ मोटरसाइकिलें और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई हैं। बरामद मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त लखनऊ तरुण गाबा एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मो. मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) रल्लापल्ली वसंथ कुमार के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर अभिषेक कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सरोजनीनगर राजदेव प्रजापति के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने बताया कि वादी अनिल कुमार पुत्र मातादीन, निवासी ग्राम एवं पोस्ट बिजनौर, मोहल्ला पटवारी, थाना बिजनौर, लखनऊ की तहरीरी सूचना पर मु0अ0सं0 347/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत थाना सरोजनीनगर में अज्ञात के खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था।
वहीं, वादी श्याम नारायण सिंह पुत्र मुखदेव सिंह, निवासी बिजनौर रोड, स्कूटर इंडिया, थाना सरोजनीनगर, लखनऊ की सूचना पर मु0अ0सं0 349/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत भी अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटनाओं के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने 120 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले तथा तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से 17 सितंबर 2026 को योगेंद्र कुमार, शिवम कुमार और बासुदेव को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस पूछताछ में चोरी का तरीका बताया
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी उन्नाव जनपद के रहने वाले हैं और आपस में दोस्त हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पैसे कमाने और अपने शौक पूरे करने के लिए वे मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करते थे। वे अलग-अलग स्थानों पर घूमकर मोटरसाइकिल चोरी करने का मौका तलाशते और मौका मिलते ही वाहन चोरी कर लेते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट बदल देते थे या उन्हें हटा देते थे। इसके बाद उन्हीं चोरी की गई मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करने के लिए करते थे। आरोप है कि चोरी के वाहनों पर कूटरचित नंबर प्लेट भी लगाई जाती थी।
आरोपियों के अनुसार, चोरी की गई मोटरसाइकिलों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था। पर्याप्त संख्या में वाहन इकट्ठा होने के बाद उन्हें बेच दिया जाता था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कब्जे से बरामद मोटरसाइकिलें लखनऊ के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 11 सितंबर 2026 को सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के गौरी बाजार और 14 सितंबर 2026 को स्कूटर इंडिया चौराहे से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी पूछताछ में बताई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी की गई मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।